महराजगंज। करीब 30 साल पुराने जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर ले जाने के मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। दोनों को जेल में बिताई गई अवधि के कारावास और एक-एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
मामला फरेंदा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। इस प्रकरण में देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के एकौना निवासी नेमशंकर पाठक पुत्र रामधारी और नौतनवा थाना क्षेत्र के कजरी निवासी राजदेव यादव पुत्र रामपत को आरोपी बनाया गया था। दोनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना 13 अप्रैल 1996 की है। आरोप था कि दोनों अभियुक्त जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर ले जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया था। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर एक महीने में आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था। करीब तीन दशक तक चले इस मुकदमे में न्यायिक मजिस्ट्रेट फरेंदा, जनपद महराजगंज की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी मानते हुए जेल में बिताई गई अवधि के कारावास और एक-एक हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर प्रत्येक को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।