निचलौल। दिवाली की झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले पति-पत्नी की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बेटी गोल्डी को अभी तक यह नहीं बताया गया है कि जिन माता-पिता को बचाने की कोशिश में वह खुद झुलस गई थी, वे अब इस दुनिया में नहीं रहे।
इलाज के बाद उसे रिश्तेदारों के यहां रखा गया है। उधर, बुधवार को माता-पिता का शव एक ही चिता पर देख बड़ा बेटा टिंकू बिलख पड़ा। उसने नम आंखों से दोनों को मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के बाद से गांव में किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला। मंगलवार की शाम से बुधवार तक हर तरफ मातम का माहौल रहा। हादसे में कम उम्र में दंपती की मौत से हर कोई स्तब्ध है। बुधवार सुबह से देर शाम तक जनप्रतिनिधियों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मंगलवार सुबह कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम कैमा में राम आधार अपने घर की छत से दिवाली और छठ पूजा के लिए लगाई गई झालर उतार रहे थे। इसी दौरान वह पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। पति को बचाने पहुंची पत्नी पुष्पा भी करंट की चपेट में आ गईं। माता-पिता को बचाने की कोशिश में बेटी गोल्डी भी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में राम आधार और पुष्पा की मौत हो गई, जबकि बेटी की हालत गंभीर है।