भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र में खुद को बाबा बताकर एक परिवार को आभूषण व 1.70 लाख रुपये नकद की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ थाना भिटौली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रुद्रापुर निवासी जयमती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 11 जून 2026 को निचलौल थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति उनके घर आया और स्वयं को बाबा बताते हुए कहा कि परिवार पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। उसने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ नहीं कराने पर पूरा परिवार बर्बाद हो जाएगा। उसने भूत-प्रेत का डर दिखाकर परिवार का विश्वास जीत लिया।
आरोप है कि अगले दिन 12 जून को आरोपी फिर पीड़िता के घर पहुंचा और पूजा कराने के बहाने परिवार के सोने की चेन, झुमका, नथिया, टीका, कान व नाक के जेवरात के साथ ही भतीजी के आभूषण और करीब एक लाख सत्तर हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।
पीड़िता का कहना है कि कई बार घर जाकर रुपये मांगने पर आरोपी टाल-मटोल करता रहा। 20 जुलाई को वह परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने बुधवार को थाना भिटौली में लिखित शिकायत कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।