निचलौल। थाना क्षेत्र के बहरौली गांव में शनिवार आधी रात को एक घर में मगरमच्छ घुस गया। घर के अंदर मगरमच्छ को देख लोगों में हड़कंप मच गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन कर्मियों को सूचना देने के बाद ग्रामीण मगरमच्छ को बाहर निकाले।
मौके पर पहुंची वन कर्मियों की टीम मगरमच्छ को कब्जे में लेकर रेंज चली गई। जानकारी के मुताबिक, बहरौली गांव में शनिवार रात में सभी लोग खाना खाने के बाद सो रहे थे। इसी बीच एक मगरमच्छ गांव के पास पोखरी से बाहर निकलकर गांव निवासी पारस गुप्ता के घर में घुस गया।
मगरमच्छ घर में घुसने के बाद काफी देर तक दरवाजे के बगल में बैठा रहा। आहट मिलने पर घर के सदस्य ने टॉर्च जलाकर देखा तो उसकी चीख निकल गई। रात को चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण भी जुट गई। गांव के जितेंद्र ने लोगों की मदद से किसी तरह से मगरमच्छ को रेस्क्यू किया।
मगरमच्छ के रेस्क्यू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं मधवलिया वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि घर में घुसे मगरमच्छ को कब्जे में लेकर सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया गया है। संवाद