बागापार। सदर क्षेत्र के ग्राम केवलापुर खुर्द के पास रोहिन नदी में पानी पीने गई एक भैंस पर मगरमच्छों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब तक ग्रामीण मौके पर जुटे तब तक मगरमच्छों ने भैंस का शिकार कर दिया। घटना के बाद से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, केवलापुर खुर्द के नंदकिशोर सोमवार को रोहिन नदी के किनारे अपनी भैंस चरा रहे थे। भैंस को प्यास लगी तो वह रोहिन नदी में पानी पीने चली गई। पानी में ही घात लगाए बैठा एक मगरमच्छ ने भैंस के ऊपर हमला बोल दिया और गहरे पानी में खींचने लगा। मगरमच्छ और भैंस में काफी संघर्ष हुआ, तभी तीन और मगरमच्छ आए और गहरे पानी में खींच ले गए।
पशुपालक नंदकिशोर को जानकारी हुई तो शोर मचाया। ग्रामीण उमेश चंद, हरीश आर्य, अंगद चौहान, रंगीलाल, सूरज, अमित सागर, मुकेश, साधु, अरुण आदि ने बताया कि रोहिन नदी में मगरमच्छ निवास कर रहे हैं। चार मगरमच्छों को भैंस को खींचते हुए देखा गया है। घटना के बाद से केवलापुर खुर्द, राजगढ़, चट्टा टोला, जिनवापुर, जगपुर, सलामतगढ़, चानकी गांव के लोगों में दहशत है। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि नदी के किनारे बड़े गांव के लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। संवाद