882 ग्राम सचिवालयों में तैनात होंगे पंचायत सहायक
- पंचायत से जुड़े अभिलेखों को रखा जाएगा सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी 882 ग्राम सचिवालयों में पंचायत सहायक की तैनाती की जाएगी। तैनाती होने से जहां पंचायत से जुड़े अभिलेखों को सुरक्षित रखा जा सकेगा, वहीं ग्रामीणों को अनावश्यक रुप से इधर-उधर की भागदौड़ से बचाने में मदद मिलेगी।
जिले के 205 ग्राम पंचायतों में नए ग्राम सचिवालय बन रहे हैं जबकि शेष ग्राम पंचायतों में पहले से ही ग्राम सचिवालय बने हुए हैं। ग्राम स्तर पर स्थायी ढांचा होने के बाद भी सचिव आदि वहां पर नहीं मिलते हैं। आमजन को ब्लॉक मुख्यालय तक जाना पड़ता था। शासन की मंशा है कि ग्रामीणों के कार्य को ग्राम स्तर पर निपटाने के लिए सचिवों व अन्य जिम्मेदारों की वहां पर उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। जिससे कि कार्य सुगमता पूर्वक हो सके। ग्राम सचिव के ऊपर कार्य का दबाव अधिक होता है ऐसे में ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक अथवा डाटा इंट्री आपरेटर की तैनाती की जाएगी। तैनाती से ग्राम पंचायत से जुड़े अभिलेख जहां सुरक्षित रहेंगे वहीं विकास परक कार्यों व उपलब्ध संसाधनों का ब्यौरा भी सुविधाजनक तरीके से प्राप्त किया जा सकेगा। सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी नित्यानंद ने बताया कि जिले के सभी 882 ग्राम सचिवालयों में पंचायत सहायक के तैनात किए जाने संबंधी सूचना मिली है। विभागीय स्तर से पत्र मिलने के उपरांत इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निचलौल में तैनात होंगे 108 पंचायत सहायक
जिले भर में नियुक्त होने वाले 882 पंचायत सहायकों में से सर्वाधिक 108 निचलौल ब्लॉक में, 97 नौतनवां में, 96 लक्ष्मीपुर में, 82 मिठौरा में, 77 परतावल में, 74 घुघली में, 72 पनियरा में, 71 फरेंदा में, 65 बृजमनगंज में, 60-60 सदर व सिसवा में तथा 20 धानी में नियुक्त होंगे।