महराजगंज। रविवार को जनपद में समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ, एआरओ) की परीक्षा होगी। परीक्षा के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। जनपद में 18 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कुल 7,992 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। आयोग की तरफ से पहुंचे आब्जर्वर ने मंगलवार को डीआईओएस के साथ सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व नकलविहीन परीक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
27 जुलाई को होने वाली आरओ और एआरओ परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी के नेतृत्व में सोमवार को विभागीय बैठक हो चुकी है। नकलविहीन और सुरक्षा उपाय के साथ यह परीक्षा संपन्न कराना प्रशासन का उद्देश्य है। डीआईओएस प्रद के मुताबिक प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा एक केंद्र व्यवस्थापक और दो सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। कुल 120 कर्मी इसके लिए निर्धारित किए गये हैं जिसमें से 30 रिजर्व रहेंगे। सचल दल की चार टीम बनाई गई हैं।
एआई लैस सीसीटीवी से निगरानी, बायोमेट्रिक जांच
27 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे एआई (आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस) क्षमता से लैस किए गए हैं जो स्पष्ट आवाज के साथ डिजिटल फुटेज रिकॉर्ड करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर बिजली की अतिरिक्त व्यवस्था के लिए जनरेटर, शुद्ध पेयजल इंतजाम, पंखे इत्यादि का प्रबंध किया गया है। परीक्षार्थियों को बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र के भीतर दाखिल होने की अनुमति दी जाएगी।
45 मिनट पहले ही दिया जाएगा प्रवेश
आरओ-एआरओ की परीक्षा में 7992 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। अभ्यर्थियों को 45 मिनट पहले ही प्रवेश दिया जाएगा। 27 जुलाई की सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय आठ बजे रखा गया है। सुबह 8:45 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद सिर्फ सचल दस्ता, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ही केंद्र में प्रवेश कर सकते हैं। एडिशन एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात रहेगी।
मुख्यालय पर सर्वाधिक, घुघली में सिर्फ एक सेंटर
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज धनेवा, डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय धनेवा, महामाया आईटी पालीटेक्निक धनेवा, लिटिल फ्लावर धनेवा, बिशप एकेडमी, जीएसवीएस इंटर कॉलेज, महराजगंज इंटर कॉलेज, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज, सेट जोसेफ, महंत दिग्विजय नाथ कॉलेज चौक, राजकीय पालीटेक्निक पुरैना, डीएवी नारंग इनपर कॉलेज घुघली, पंचायत इंटर कॉलेज परतावल, शिव जपत सिंह कॉलेज भिटौली, एलबीएस डिग्री कॉलेज फरेंदा, जीजी आईसी फरेंदा, सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज फरेंदा।