सोहगीबरवा घोषित होगा टाइगर रिजर्व फारेस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग को टाइगर रिजर्व फारेस्ट घोषित कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। सोमवार को प्रभागीय वनाधिकारी की तरफ से इसके लिए प्रस्ताव विशेष वाहक के माध्यम से भारत सरकार को भेजा गया। इसके साथ ही महराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के दायरे में आने वाले क्षेत्र में बाघों के संरक्षण व संवर्धन के लिए रकम मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि सोहगीबरवा प्रभाग को टाइगर रिजर्व फारेस्ट घोषित करने लिए जनवरी माह में 2 करोड़ 26 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर प्रदेश शासन में भेजी गई थी। प्रदेश सरकार ने अपने स्तर से कार्ययोजना अनुमोदित कर भारत सरकार को भेजने की व्यवस्था बनाई। डीएफओ ने बताया कि अब पत्रावली को विशेष पत्रवाहक के माध्यम से प्रोजेक्ट टाइगर सेल पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार को भेजी गई है। मार्च माह का अंतिम सप्ताह होने की वजह से ऐसा प्रयास किया जा रहा है कि मंगलवार की शाम तक पत्रावली दिल्ली पहुंच जाए। इसीलिए पत्रावली विशेष पत्रवाहक के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि बाघों के संरक्षण के लिए अगर भारत सरकार की तरफ से उपलब्ध कराई जाएगी तो बेहतर कार्य हो सकेगा। डीएफओ ने बताया कि सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग का नेपाल के चितवन नेशनल पार्क, बिहार के व्याघ्र परियोजना से परस्पर नाता है। इससे सोहगीबरवा में बाघों का विचरण होता रहता है। वैसे भी सोहगीबरवा में चार बाघों की मौजूदगी की बात बताई जाती है।