सिसवा बाजार। जिम्मेदारों की मिलीभगत से सिर्फ कागजों में स्कूल चल रहे हैं। यू डायस कोड भी विभाग ने जारी कर रखा है, लेकिन एक व्यक्ति की शिकायत पर जांच के लिए पहुंची टीम को यू डायस नंबर एलाट दोनों विद्यालय धरातल पर नहीं मिले।
सिसवा कस्बे के सेनानी नगर वार्ड निवासी किशन सिंह ने जिलाधिकारी सहित उच्चधिकारियों को लिखे शिकायती पत्र में कहा है कि सिसवा बाजार में दो विद्यालय वर्षों से कागजों में संचालित हैं। विद्यालयों को यू-डाइस कोड भी विभाग की ओर से एलाट किया गया है। डाटा के अनुसार विद्यालय में छात्रों की संख्या और मानक के अनुसार टीचर की भी संख्या दर्ज है। बृहस्पतिवार को जांच करने पहुंची टीम को भौतिक सत्यापन में वह दोनों विद्यालय नहीं मिले।
बस वह विभागीय कागजात तक ही सीमित हैं। सिसवा पहुंचे जांच अधिकारी द्वारा शिकायत को सत्य पाया गया, दोनों विद्यालयों में क्रमशः 134 और 453 बच्चें पंजीकृत हैं, लेकिन विद्यालय चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। जांच अधिकारी शैलेंद्र गौतम ने बताया कि दोनों विद्यालय मौजूद नहीं मिले जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।