जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में 56.76 करोड़ मंजूर
महराजगंज। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हल्के शोर-शराबे के बीच संपन्न हुई। पूूरी बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत तथा जल निगम के जिम्मेदार सदस्यों के निशाने पर रहे। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए कुल 56.76 करोड़ मंजूर किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों से नाराज सदस्यों ने कहा कि यदि संबंधित विभागों के जिम्मेदारों ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो बोर्ड की अगली बैठक में उन्हें बैठने नहीं दिया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुमति से बैठक की कार्रवाई प्रारंभ की गई जिसमें अपर मुख्य अधिकारी रमेश सिंह ने पिछली कार्रवाई की पुष्टि की।अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत के विकास में सभी का योगदान अहम है। सदस्यों के सुझाव पर अमल किया जाएगा।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सदस्यों ने जनहित से जुड़ी जो भी मांग उठाई है, संबंधित विभाग के जिम्मेदार उसका त्वरित निदान करते हुए विकास की रफ्तार को बढ़ाने का कार्य करें। विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों के हितों की सुरक्षा को लेकर जो भी बन पड़ेगा, उन लोगों के स्तर से किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि मनरेगा के कार्यों के माध्यम से विकास की गति को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शांतप्रकाश श्रीवास्तव, आरईएस के अधिशासी अभियंता केएस प्रताप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार समेत अधिकांश विभागों के जिम्मेदार, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख व अन्य लोग मौजूद रहे।
मामला बिगड़ा तो दर्ज कराउंगा एफआईआर : दीपक
जिला पंचायत सदस्य दीपक पांडेय ने एकसड़वा से सोनबरसा तक के बदहाल मार्ग को लेकर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग व ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को सवालों में घेेेरा। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली की वजह से हैदर नामक व्यक्ति की गर्भवती पुत्री उस पर गिरकर घायल हो गई है, यदि उसे किसी प्रकार की क्षति हुई तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराउंगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के कर निरीक्षक कर के नाम पर वसूली कर रहे हैं जिसकी जांच कराई जाए।
अन्य सदस्यों ने भी उठाए सवाल
जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद साहनी व जग्गू प्रसाद आदि ने सड़कों की बदहाली, त्रिभुवन वर्मा ने नहरों की बइहाल सफाई व्यवस्था, राजाराम ने एलईडी लाइट का मामला उठाते हुए समस्याओं के निदान की मांग की। अभय सिंह ने अधिशासी अभियंता जलनिगम के अनुपस्थिति व अन्य सदस्यों ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता तथा वन विभाग के जिम्मेदारों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सदस्य के प्रतिनिधि के रुप में मौजूद राहुल शर्मा व अन्य लोगों ने भी सड़क समेत अन्य समस्या को दूर कराने की मांग की। पनियरा प्रमुख वेदप्रकाश पांडेय ने अनुपूरक बजट में सदस्यों का प्रस्ताव शामिल किए जाने की मांग की।
---------------------------
मजरों के मुताबिक दिया जाए एलईडी लाइट
सदस्यों ने 10 एलईडी लाइट देने का विरोध जताते हुए संख्या बढ़ाने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने 20-20 लाइट करने की बात कही। जिस पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि ग्राम के मजरे के मुताबिक सभी सदस्यों को एलईडी लाइट दिया जाए।
-------------------------
जिला पंचायत की भूमि पर बनाया जाए कांपलेक्स
इफ्तखार खां उर्फ टुनटुन ने जिला पंचायत के सामने स्थित खाली भूमि पर कांपलेक्स बनाने की मांग की, जिस पर विधायकों व बोर्ड ने सहमति जताते हुए आवश्यक कदम उठाने को कहा।