सामूहिक विवाह : 54 जोड़ों ने जीवन भर के लिए थामा एक-दूसरे का हाथ
महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को विकास भवन परिसर में कुल 54 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। लाभान्वित होने वाले जोड़ों में 24 अनुसूचित जाति के, 26 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा चार अल्पसंख्यक वर्ग के हैं।
जिले में पिछली बार 175 जोड़े का शादी कराने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 140 जोड़ों का ही विवाह हो सका था। शेष बचे लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से आवेदन लिए गए जिसमें कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए। विकास भवन परिसर में रविवार को हुए 54 जोड़ों का विवाह विधि-विधान पूर्वक संपन्न कराया गया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि गरीब बेटियों की शादी की चिंता सरकार कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने न सिर्फ योजना के माध्यम से गरीब बेटियों की मदद की प्रतिबद्धता दिखाई है बल्कि गरीब मां-बाप की चिंता को दूर करने का कार्य किया है। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि गरीबों के हितों के लिए प्रदेश सरकार अत्यंत गंभीर है। जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महात्वाकांक्षी योजना है। जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन शिरोमणि दूबे ने किया। इस दौरान जगदीश मिश्रा, सदर के बीडीओ लक्ष्मण चतुर्वेदी, राजेश कुमार सिंह, समीउद्दीन, श्याम तिवारी, शफी आलम समेत अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।
---------
मिली सामग्री, खाते में भेजी जाएगी धनराशि
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि लाभार्थियों को वस्त्र, जेवरात समेत अन्य सामग्री कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध कराई गई, जबकि 35 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते में भेजी जाएगी।