महराजगंज। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में करीब 15 दिनों से पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी) पेपर नहीं है। इसके कारण वाहन स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे 400 से अधिक आरसी फाइलें लंबित पड़ी हैं।
आवेदकों को रसीद देकर बाद में आने को कहा जा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है। एआरटीओ ने इस समस्या के समाधान के लिए करीब 20,000 आरसी पेपर की मांग की है। जानकारी के अनुसार, किसी वाहन का आरसी यानी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें वाहन स्वामी का नाम, पता, वाहन के इंजन की क्षमता, चेसिस नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज होती है।
नए वाहनों की आरसी सीधे डिस्ट्रीब्यूटर के पास भेजी जाती है, लेकिन वाहन स्थानांतरण के बाद और पते में संशोधन या रजिस्ट्रेशन समाप्त होने की स्थिति में वाहन स्वामियों को एआरटीओ कार्यालय में आवेदन करना पड़ता है। इसके लिए कई दस्तावेज जमा करने होते हैं।
इसमें प्रदूषण सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस सर्टिफिकेट, पता, सभी चालानों का क्लीयरेंस, पैन कार्ड की फोटोकॉपी, इंजन और चेसिस नंबर का पेंसिल प्रिंट, स्व-प्रमाणित पहचान पत्र और एक नोटरी प्रणाम पत्र शामिल है। नोटरी प्रणाम पत्र में यह उल्लेख करना होता है कि आरसी खो गई है या उपलब्ध नहीं है।
लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है। वाहन स्वामी आलोक कुमार, जितेंद्र, वीरेंद्र, अशोक, विजय और लौहर जैसे कई आवेदकों ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन एआरटीओ कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की ओर से बार-बार यही कहा जा रहा है कि जल्द ही आरसी पेपर उपलब्ध हो जाएगा।