दुबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी
सोनौली। स्थानीय नगर पंचायत के त्रिलोकपुर में मंगलवार को 40 डिसमिल सरकारी जमीन कब्जाधारकों से मुक्त कराई गई। इस दौरान राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौजूद रही।
जानकारी के मुताबिक, वर्षों से खलिहान की जमीन पर कच्चे मकान और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया था । नगर पंचायत की कई बार की नोटिस के बाद भी कब्जाधारी सरकारी जमीन खाली नहीं कर रहे थे। इस पर नौतनवा के नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव समेत राजस्व विभागीय कर्मचारियों और पुलिस बल ने मौके पर जाकर बुलडोजर से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को खाली कराया।
नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बाद भी सरकारी जमीन खाली नहीं की जा रही थी। इस पर बुलडोजर से अवैध निर्माण को जमींदोज करवाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर फिर से सरकारी जमीन पर कोई भी अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी ।