सिंदुरिया। लूट के मामले में बीते 28 साल से फरार चल रहे गैर जमानती वारंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला की अगुवाई में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव ने थानाक्षेत्र की ग्रामसभा सेमरी निवासी वारंटी रामप्रकाश पुत्र शंकर प्रसाद को सोमवार की शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि कोतवाली थाने में करीब 28 साल पहले लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से वह लगातार फरारी काट रहा था।
यहां तक आरोपी के खिलाफ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सिविल जज (प्रवर खंड) न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था। अब जाकर वह गिरफ्त में आया तो उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।