महराजगंज। शनिवार को विद्युत सेवा महा आयोजन शिविर का आयोजन खंड स्तर पर हुआ। शिविर में उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं जैसे नए विद्युत संयोजन, भार वृद्धि, खराब मीटर बदलने, गलत बिल संशोधन और बिल जमा करने में आने वाली समस्याओं का समाधान किया गया।
शिकायतों को टोल-फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कर मौके पर ही निस्तारण का प्रयास किया गया। शिविर में सायं 6 बजे तक कुल 375 बिल संबंधी शिकायतें मिलीं, जिनमें से 121 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसके अलावा, खराब मीटर से संबंधित 33 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से छह का समाधान किया गया। नए विद्युत संयोजन के लिए पांच प्रकरण और 32 भार वृद्धि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर के दौरान 239 उपभोक्ताओं ने 17.43 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई। शेष शिकायतों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के लिए उच्च अधिकारियों की निगरानी में कार्य किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता, विद्युत वाईपी सिंह ने शिविरों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शत-प्रतिशत शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 18 और 19 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाले बिजली सेवा महा अभियान शिविर में अपनी शिकायतें दर्ज कराकर उनका निस्तारण करा सकते हैं। संवाद