सोहगीबरवा (महराजगंज)। सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग के शिवपुर रेंज में शुक्रवार को बाघों का विचरण देखा गया है। इस तरह से सोहगीबरवां में विचरण कर रहे पांच बाघों की पुष्टि पर वन विभाग गदगद है। अगर बाघों की संख्या में इसी तरह इजाफा होता रहा तो सोहगीबरवां को टाइगर बफर जोन बनाने की राह आसान होगी।
बताया जाता है कि सोहगीबरवां का नेपाल के चितवन नेशनल पार्क एवं बाल्मिकी नगर टाइगर रिजर्व का परस्पर नाता है, जिसकी वजह से पहले कभी कभार सोहगीबरवां में बाघ दिख जाते थे। मगर जब बाल्मिकी नगर ब्याघ्र परियोजना ने बीते दिनों शिवपुर रेंज में बांघों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैंकिंग कैमरा लगाया तो उसमें बाघ कैद किए गए।
इतना ही नहीं अभी पिछले सप्ताह शिवपुर में दो बाघ व तीन शावक देखे गए। इस तरह से सोहगीबरवां में बाघों की संख्या पांच देख वन विभाग बेहद खुश है। इसकी पुष्टि करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि सोहगीबरवा में विचरण कर रहे पांच बाघों में एक नर, एक मादा व तीन शावक हैं।
डीएफओ ने यह भी कहा कि सोहगीबरवां के लिए सबसे सुखद बात तो यह है कि यहां पर दो गैडों में एक नर व एक मादा है, जो इस प्रभाग की महत्ता बढ़ा रहे हैं। सोहगीबरवां में अब बाघों के अलावा गैडों को भी सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग की आबोहवा भा रही है। अगर ऐसे वन्य जीवों की संख्या इसी तरह बढ़ती रही तो टाइगर बफर जोन का रास्ता साफ हो जाएगा।