महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में आगामी नवंबर माह में 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। इसके लिए विभाग की ओर से जरूरी तैयार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1100 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार, शासन की ओर से 600 जोड़ों के विवाह के लिए बजट जारी किया गया था, जिसमें से 300 जोड़ों का विवाह पहले ही संपन्न हो चुका है। अब शेष 300 जोड़ों का विवाह नवंबर में होने जा रहा है, क्योंकि इस माह में विवाह के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध है।
विभाग का कहना है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को विवाह के लिए आवश्यक सामग्री जैसे कपड़े, गहने, और अन्य उपहार प्रदान किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तहत अब तक 500 ऑनलाइन आवेदन विभाग के पोर्टल पर प्राप्त हुआ है। आवेदन पत्रों की जांच में पात्रता मानदंडों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आवेदकों को आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं।