राजाबारी बार्डर पर बरामद नशीली इंजेक्शन के साथ एसएसबी जवान।
ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जवानों ने राजाबारी बॉर्डर पर भारी मात्रा में नशीली इंजेक्शन बरामद किए हैं। एसएसबी ने सभी एम्पुल को ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
22वीं बटालियन एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार टीम के साथ एसएसबी कैंप ठूठीबारी से भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 507 की ओर रवाना हुए थे। नाका पार्टी राजाबारी वीओपी पोस्ट से लगभग 300 मीटर की दूरी पर उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय सीमा से मात्र 5 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद बोरी पर पड़ी। बोरी लावारिस हालत में पड़ी हुई थी और आसपास कोई व्यक्ति नजर नहीं आ रहा था। जवानों ने बोरी को खोलकर जांच की। तीन पारदर्शी पॉलिथीन पैकेटों में कुल 2,930 नशीली एम्पुल बरामद हुई। इनमें बुप्रेनोर्फिन की 980 एम्पुल, डायजेपाम की 970 एम्पुल और प्रोमेथाजीन की 980 एम्पुल शामिल थीं। ये इंजेक्शन व्यसन फैलाने और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह बरामदगी सीमा पर निगरानी का परिणाम है। बोरी संभवतः नेपाल से तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में छिपाई गई थी लेकिन सतर्कता ने साजिश को विफल कर दिया। एसएसबी ने आगे की कार्रवाई के लिए सभी एम्पुल को ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।