निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र और निचलौल में आबकारी विभाग ने छापेमारी की। इस दौरान नेपाल और भारतीय सहित 262 बोतल शराब बरामद हुई। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के गड़ौरा गांव में छापा मारा गया। इस दौरान एक घर से 227 बोतल नेपाल की शराब बरामद हुई। साथ ही आरोपी दिनेश गुप्ता को भी पकड़ लिया गया।
बरामद शराब को जब्त कर आरोपी दिनेश गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए डीएम को भी पत्र भेजा गया है। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ही बकुलडीहा गांव में छापा मारा गया। इस दौरान शख्स मनोज चौहान के पास से 13 बोतल नेपाली और सात बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई।
मौके से आरोपी मनोज चौहान को पकड़ लिया गया। मामले में बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जबकि निचलौल थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर एक शख्स अजय कसौधन के पास से 15 बोतल अवैध देशी शराब बरामद कर ली है। मामले में बरामद अवैध शराब की खेप को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद