कोल्हुई। क्षेत्र में खाद की कमी और कालाबाजारी की शिकायत पर सोमवार को फरेंदा उपजिलाधिकारी विजय यादव ने खाद की दुकानों पर छापेमारी की। छापेमारी की जानकारी मिलते ही दुकानदार शटर गिराकर इधर-उधर चले गए। इससे टीम लौट गई।
कोल्हुई कस्बे की सीमा नेपाल बाॅर्डर से सटी होने के कारण तस्कर बिना मोलभाव के खाद खरीद लेते हैं। इससे स्थानीय किसानों को मजबूरन ऊंचे दामों पर खाद खरीदना पड़ता है।
किसानों ने खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग की शिकायत प्रशासन से की थी। सोमवार को दोपहर एसडीएम ने क्षेत्र की उर्वरक की दुकानों की जांच की। इससे पिपरा, रुदलापुर, सोनचिरैया बहदूरी सहित कई दुकानों पर छापेमारी की।
एसडीएम फरेंदा विजय यादव ने बताया कि छापेमारी की खबर मिलते ही दुकान बंद कर भागने वाले दुकानदारों के नाम चिह्नित कर लिए गए हैं। जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। यदि दुकानें बंद मिलीं तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।