महराजगंज। कोतवाली क्षेत्र की एक महिला से जमीन दिलाने के नाम पर गोरखपुर के एक व्यक्ति ने 21 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए। इसके बाद न जमीन का बैनामा कराया और ना ही रकम वापस किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दुबौली निवासी मालती देवी ने बताया कि क्षेत्र के चौपरियां में साढ़े छह डिस्मिल जमीन खरीदने के लिए खजनी थाना क्षेत्र के सरैया तिवारी, जनपद गोरखपुर निवासी सूर्यलाल त्रिपाठी के खाते में चार बार में 21 लाख 50 हजार भेजा गया था, लेकिन उक्त जमीन का बैनामा नहीं किया गया। बार-बार कहने पर आरोपी ने बैनामा करने से इन्कार कर दिया और रुपये हड़पने की धमकी देने लगा। पुलिस से शिकायत करने के बाद 17 लाख रुपये वापस किया व बाकी रकम का चेक दे दिया। चेक लगाने पर बाउंस हो गया। इस संबंध में जब आरोपी से बात की तो वह रुपये देने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद गुप्ता ने आरोपी सूर्यलाल त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज करने की पुष्टि की।