कोरोना : 20 लोग मिले पॉजिटिव
कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। वहीं केस बढ़ने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जांच अधिक से अधिक लोगों की करने की कोशिश की जा रही है। मंगलवार को जिले में 20 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
जानकारी के अनुसार करीब दस दिन में संक्रमितों की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। अब तक कुल केस 12546 हो चुका है। जिसमें मरने वालों की संख्या 141 है। 12332 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। सक्रिय केस की संख्या 73 हो चुकी है। होमआइसोलेशन में रहने वालों की संख्या 50 है। गोपाला सीएचसी को छोड़कर अन्य किसी अस्पताल में संक्रमित भर्ती नहीं है। ज्यादा जरूरत पड़ने पर संक्रमितों को भर्ती किया जा रहा है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि सभी लोगों को मास्क का प्रयोग करते हुए सामाजिक दूरी का पालन करने की जरूरत है। समस्या होने पर तुरंत जांच कराने के साथ ही चिकित्सक के परामर्श के अनुसार दवा का सेवन करें। लापरवाही से समस्या हो सकती है। आशा कार्यकर्ता गांव स्तर पर निगरानी करने में जुटी हैं। बाहर से आने वालों पर नजर रखी जा रही है।