वित्तीय समस्या उत्पन्न होने के कारण दो अधीक्षक आमने-सामने
फरेंदा ( महराजगंज)। स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के कारण बिना अधीक्षक के सीएचसी बनकटी का संचालन हो रहा है। अधीक्षक की पोस्टिंग के बावजूद उन्हें चार्ज नहीं मिल रहा है जिसके कारण अस्पताल पर सन्नाटा पसरा हुआ है। निवर्तमान अधीक्षक द्वारा वित्तीय समस्या को लेकर चार्ज न देने की बात कही जा रही है। जिससे अस्पताल के कई कार्य बाधित हो रहे हैं।
फरेंदा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी में नये अधीक्षक डॉ उमेंश चंद्रा की तैनाती करीब 15 दिन पूर्व हो गई। जबकि निवर्तमान अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह को उनके पद से हटा कर सिर्फ चिकित्सा कार्य करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में नवागत अधीक्षक अस्पताल का चार्ज लेने के लिए कई दिन अस्पताल पर पहुंचे लेकिन वित्तीय समस्या के कारण उनको चार्ज नहीं मिल रहा है। जबकि मामले से विभाग के उच्चाधिकारी भी पूरी तरह से अवगत होने के बाद भी कोई सार्थक निर्णय नहीं निकल रहा है। कार्यभार न मिलने के कारण दोनों अधीक्षकों के बीच रार बढ़ता ही जा रहा है जिससे अस्पताल के कार्य भी बाधित हो रहा है।
अधीक्षक के चार्ज में किसी के न रहने के कारण अस्पताल के कर्मचारियों को वेतन की समस्या उत्पन्न हो रही है। चार्ज की समस्या को हल कराने के लिए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन कोई निर्णय नहीं हो सका है। दो अधीक्षक की आपस में लड़ाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। निवर्तमान अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने बताया कि अस्पताल में कुछ उपकरण लगाये गए थे जिसकी रकम अभी भी बाकी है। उसी को लेकर चार्ज देने में देरी हो रही है। जबकि नए अधीक्षक डॉ. उमेश चंद्रा ने बताया कि चार्ज न देने के क्या कारण हैं, कुछ पता नहीं चल रहा है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि 15 अगस्त के बाद नए अधीक्षक चार्ज लेने की बात कह कर अवकाश पर हैं। कोई विवाद नहीं है।