महराजगंज। प्रदेश सरकार बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार का भले ही दावा कर रही हो, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सिसवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सिसवा कस्बे के पांच वार्डों के लोगों को ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण रात के समय अंधेरे में ही जीवन यापन करना पड़ रहा है। विभागीय लापरवाही का आलम यह है कि ट्रांसफार्मर जले चार दिन बीत गए और अब तक उसे बदला नहीं गया। अधिकारियों की लापरवाही के कारण सिसवा कस्बे के 14 वार्डों में अनियमित विद्युत आपूर्ति हो रही है। इससे लोग परेशान हैं।
सूर्य षष्ठी पर्व पर सिसवा कस्बे के 14 वार्डों में से पांच वार्डों के लोगों को चार दिन से अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। कस्बे के वार्ड नंबर चौदह बाईपास रोड पर लगा 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर रविवार की देर शाम जल गया। जिससे वार्ड नंबर 14 पोखरा टोला, वार्ड नंबर आठ स्टेट चौक, वार्ड नंबर चार सम्राट नगर, वार्ड नंबर दो हरिजन बस्ती, वार्ड नंबर सात जायसवाल नगर के क्षेत्रों में अंधेरा छाया हुआ है। टांसफार्मर जल जाने के कारण इन वार्डों के करीब एक हजार परिवार प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि इस ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड है, जिसकी वजह से यह ट्रांसफार्मर 6 माह से अधिक नही चल पाता। वार्डवासियों की तरफ से विद्युत विभाग के अधिकारियों से बार-बार इस ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग किए जाने के बाद भी करीब ढाई माह पूर्व वार्ड नंबर 14 स्थित पोखरा टोला में नहर पुल के पास से लेकर वार्ड तक विद्युत पोल तो लगवा दिए गए लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई। वैसे भी विद्युत पोल लगने के बावजूद संबंधित क्षेत्र में आपूर्ति नहीं शुरू हो पाई है। हालांकि यह आसन्न निकाय चुनाव में भागीदारी करने के इच्छुक दावेदारों के होर्डिंग, बैनर आदि टांगने के काम अवश्य आ रहे हैं। वार्ड के मुन्ना सिंह, संजय सिंह, फागू रावत, महेश सिंह, सिराजुद्दीन, कृष्ण मुरारी सिंह, संजीव श्रीवास्तव, बलराम मिश्रा, लवकुश जायसवाल, दयाशंकर सिंह, विजय जायसवाल आदि विभाग के अधिकारियों की इस लापरवाही पर नाराजगी जताई। साथ ही चेतावनी दी कि जला ट्रांसफार्मर जल्द नहीं बदला गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में विभाग के अधिशासी अभियंता संघप्रिय गौतम का कहना है कि इस मामले की जानकारी उन्हें है। जला ट्रांसफार्मर जल्द बदला दिया जाएगा।