महराजगंज। जिला संयुक्त अस्पताल में अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच छह माह में 1776 बड़े ऑपरेशन और 3342 छोटी सर्जरी की गईं। अस्पताल की सर्जनवार रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में स्त्री रोग, हड्डी रोग, सामान्य सर्जरी, नेत्र रोग और ईएनटी विभाग में मरीजों का ऑपरेशन हुआ। बड़े ऑपरेशन के मामले में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार सिंह 513 ऑपरेशन के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि छोटी सर्जरी में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार ने सर्वाधिक 935 ऑपरेशन किए। माहवार आंकड़ों में सितंबर में सबसे अधिक 333 बड़े और 645 छोटी सर्जरी दर्ज की गईं।
अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल में 212 बड़े और 400 छोटी सर्जरी हुईं। मई में यह संख्या क्रमशः 277 और 602 रही। जून में 312 बड़े और 621 छोटी, जुलाई में 327 बड़े और 508 छोटी तथा अगस्त में 315 बड़े और 566 छोटी सर्जरी की गईं। सितंबर में दोनों श्रेणियों में छह माह का सर्वाधिक आंकड़ा दर्ज किया गया।
सामान्य सर्जरी में 294 बड़े ऑपरेशन : सामान्य सर्जरी विभाग में डॉ. उदयभान ने 188 और डॉ. विभूति शुक्ला ने 106 बड़े ऑपरेशन किए। दोनों चिकित्सकों ने मिलकर 294 बड़े ऑपरेशन किए। छोटी सर्जरी में डॉ. विभूति शुक्ला ने 254 और डॉ. उदयभान ने 121 ऑपरेशन किए।
ईएनटी में 173 और नेत्र रोग विभाग में 133 बड़े ऑपरेशन : ईएनटी विभाग में डॉ. अनिरुद्ध ने 89, डॉ. अनुप ने 55 और डॉ. प्रियंका ने 29 बड़े ऑपरेशन किए। तीनों चिकित्सकों ने कुल 173 बड़े ऑपरेशन किए। छोटी सर्जरी में इनके नाम क्रमशः 230, 159 और 83 ऑपरेशन दर्ज हैं।
वहीं, नेत्र रोग विभाग में डॉ. मनीष निगम ने 76 और डॉ. निरंजन सिंह ने 57 बड़े ऑपरेशन किए। छोटी सर्जरी में दोनों चिकित्सकों ने क्रमशः 10 और 22 ऑपरेशन किए। इसके अलावा एलएमओ के रूप में दर्ज डॉ. रुपाली श्रीवास्तव ने 228 और डॉ. शालिनी वर्मा ने 188 छोटी सर्जरी कीं।