अड्डा बाजार। तहसील क्षेत्र में डंडा नहर पटरी की पिच सड़क इन दिनों टूटकर बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं सड़क के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियां दुर्घटना का सबब बनी हुई हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
क्षेत्र के प्रहलाद चौधरी, हेमंत श्रीवास्तव और दिनेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि सोनौली के फरेंदी तिवारी के पास से शुरू होकर नौतनवा नगर के ठूठीबारी चौराहा होते हुए पड़रहवां तक करीब 17 किलोमीटर लंबी डंडा नहर पटरी की सड़क तीन दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों और राहगीरों के लिए महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, व्यापारी, किसान, कारोबारी और मरीज आवागमन करते हैं।
रामानुज मौर्य, सुनील कुमार सिंह और रणजीत सिंह ने बताया कि बरवा भोज, खैराटी, अराजी महुअवा, चड़लहा चौतरवा, नरकटहा, भेड़ही और गजरहा के पास सड़क काफी क्षतिग्रस्त है। हेड से नौतनवा तक कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है। सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जनहित को देखते हुए सड़क की मरम्मत कराने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने की मांग की है।
अवर अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि नौतनवा से गजरहा चौराहा तक बरसात के बाद सड़क पर पैचिंग का कार्य कराया जाएगा।