महराजगंज। चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब गुड़ की मिठास भी महंगी हो गई है। जुलाई में 48 से 50 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ अगस्त में बढ़कर 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है। गुड़ के दाम में प्रति किलो 15 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों की रसोई का बजट और बिगड़ गया है।
जुलाई के मुकाबले अगस्त में रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। कारोबारी धीरेंद्र निगम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से चीनी करीब 70 रुपये किलो बिक रही है। चीनी महंगी होने के बाद लोग मिठास के लिए गुड़ की ओर बढ़े, लेकिन मांग बढ़ते ही गुड़ के दाम भी बढ़कर 65 रुपये किलो तक पहुंच गए।
सरसों तेल भी आठ रुपये महंगा
कारोबारी आकाश अग्रवाल ने बताया कि सरसों तेल कच्ची घानी की कीमत भी बढ़ी है। अब तक 195 रुपये लीटर बिक रहा तेल पिछले दो दिनों से 203 रुपये लीटर बिक रहा है। इसके अलावा मक्के के आटे की कीमत में करीब तीन रुपये किलो की बढ़ोतरी हुई है।
पोल्ट्री फीड और पशु आहार के दाम भी पहले के मुकाबले तीन से पांच रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। लगातार बढ़ती कीमतों का असर बाजार में खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि जरूरी सामान महंगा होने के कारण अब जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी करनी पड़ रही है।