क्षेत्र के विकास के लिए 12 करोड़ का प्रस्ताव पास
नौतनवां/परसा मलिक (महराजगंज)। रतनपुर ब्लॉक सभागार में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुईं। बैठक में क्षेत्र का विकास कराने के लिए 12 करोड़ के प्रस्ताव पास हुए।
मुख्य अतिथि नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार सभी जनप्रतिनिधियों के सम्मान व सुरक्षा को लेकर कटिबद्ध है। गांव के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वह अपने गांव के विकास कार्यों में पूरे मनोयोग से सहयोग करें। गांव के विकास में ही देश का विकास निहित है।
ब्लाक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने कहा कि गांव के विकास से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता न बरतें, बल्कि उसे गति प्रदान करें।
खंड विकास अधिकारी रामकृपाल यादव ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, खरीफ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री सिंचाई योजना आदि पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता समीर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, बबलू सिंह, चेयरमैन गुड्डू खान, जिला पंचायत सदस्य रामानुज मौर्य, बाबूराम यादव, राम आशीष यादव, बबलू यादव, एडीओ पंचायत देवेन्द्र यादव, एडीओ कोऑपरेटिव अरविन्द कुमार वर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी रामरतन यादव आदि मौजूद रहे।