महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने रविवार को जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 197 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 315 वाहनों का चालान किया गया। अभियान में कुल 1153 वाहनों की जांच की गई।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि एक नवंबर से सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत के साथ ही सभी थानों की पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई। साथ ही तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, मोबाइल का प्रयोग करने और गलत दिशा में गाड़ी चलाने से बचने की अपील की गई।