महराजगंज। मौसम में बदलाव के साथ ही सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने पर शहर के बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखते हुए स्वेटर, जैकेट, हुडी और कंबल की नई वैरायटी मंगाई है।
बाजार में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए गर्म कपड़ों की अलग-अलग रेंज उपलब्ध है। युवाओं में स्टाइलिश जैकेट और हुडी का आकर्षण है, जबकि बच्चों के लिए रंग-बिरंगे स्वेटर और आकर्षक डिजाइन के कपड़े दुकानों पर सजे हैं। महिलाओं के लिए स्वेटर और शॉल के साथ ही कंबलों की भी कई वैरायटी मौजूद हैं।
जिला परिषद मार्केट के बगल में स्थित दुकानदार विकास सिंघानिया ने बताया कि इस बार सर्दियों को देखते हुए गर्म कपड़ों का नया स्टॉक मंगाया गया है। बाजार में 400 से 2000 रुपये तक के स्वेटर, 500 से 5000 रुपये तक की जैकेट और 600 से 1500 रुपये तक की हुडी उपलब्ध हैं। वहीं, कंबलों की कीमत 1500 से 10 हजार रुपये तक है। फिलहाल ग्राहक दुकानों पर पहुंचकर गर्म कपड़ों की वैरायटी और कीमतों की जानकारी ले रहे हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है।