महराजगंज। कृषकों को उर्वरकों का वितरण करने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक आयुक्त सहायक निबंधक सहकारिता एवं जिला प्रबंधक पीसीएफ, जिला गन्ना अधिकारी, सचिव जिला सहकारी बैंक के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कराया कि जनपद में यूरिया का लक्ष्य 65611 एमटी के सापेक्ष 31283 एमटी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई है, जिसमें से 20099 एमटी यूरिया का वितरण किया गया। 11184 एमटी यूरिया अवशेष है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष यूरिया उर्वरक की मांग के अनुरूप यूरिया उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने यूरिया का वितरण जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस, समस्त तहसीलदार एवं समस्त उर्वरक निरीक्षक की निगरानी में कराने के निर्देश दिए।
न्याय पंचायत वार कृषि विभाग, सहकारिता एवं राजस्व विभाग की देखरेख में समस्त थोक/फुटकर उर्वरक व्यवसायियों से उर्वरक का वितरण खतौनी अथवा जोत बही व आधार कार्ड के आधार पर पीओएस मशीन से ही कृषकों को वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी ओवररेटिंग, अवैध भंडारण की गतिविधियों पर प्रभारी रोकथाम के लिए सभी उप जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र सीमाबल, कस्टम विभाग के अधिकारियों व विभागीय अधिकारियों की लगातार भ्रमणशील रहकर तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।