मनरेगा से बनाए जाएंगे 100 तालाब
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जिले के सभी 12 ब्लॉकों में मनरेगा योजना के तहत 100 तालाबों का निर्माण कराया जाएगा।
कृषि प्रधान जिले महराजगंज में ग्रामीणों के लिए कृषि व विभिन्न पालन कार्य से जुड़कर अपनी आय को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किया जा सकता है। प्रशासनिक जिम्मेदारों ने इस दिशा में कदम उठाते हुए अब जिले के सभी 12 ब्लॉकों में लक्ष्य निर्धारित करते हुए मनरेगा योजना से तालाब खुदवानें का निर्णय लिया है, इसकी खुदाई से जहां श्रमिकों केे लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं कार्यों को करने के उपरांत वे अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकेंगे। मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मनरेगा से 100 तालाब विकसित करने के लिए ब्लॉकवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रति सप्ताह इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
ब्लॉक वार निर्धारित लक्ष्य
तालाब विकसित करने के लिए लक्ष्मीपुर, मिठौरा व निचलौल ब्लॉक में 10-10, पनियरा, परतावल, फरेंदा व नौतनवा में नौ-नौ, सिसवा, सदर, घुघली व बृजमनगंज में आठ-आठ तथा धानी में दो का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तालाब के विकसित होने के उपरांत व्यक्ति स्वयं की आिर्थिक एन्नति को लेकर भी वृहद स्तर से प्रयास कर सकेंगे।