कोहरे में दिखाई नहीं देने से विभिन्न स्थानों पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र में निर्माणाधीन फोरलेन पर बसहिया खुर्द पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात बाइक पर सवार तीन युवक गिर गए जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाई। डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। वहीं तीन अन्य सड़क हादसों में तीन युवक घायल हो गए।
श्यामदेउरवां क्षेत्र के मुहम्मदपुर निवासी विशाल यादव (20) अपने दो साथी संगम गौड़ (20) व नवरत्न गौड़ (21) के साथ परतावल के नगरौली में विवाह समारोह में गए थे। देर रात तीनों युवक एक ही बाइक से घर के लिए रवाना हुए। कोहरा होने के कारण उन्हें दिखाई नहीं दिया जिससे बसहिया खुर्द पेट्रोल पंप के पास फोरलेन सड़क निर्माण के लिए रखी गई गिट्टी पर अनियंत्रित होकर बाइक गिर गई। विशाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी प्रकार मुहम्मदपुर निवासी श्याम बिहारी 40 रविवार देर रात ससुराल लखिमा जा रहे थे कि बैलगाड़ी की चपेट में आने से घायल हो गए। महराजगंज के अमरुतिया निवासी दीपचंद्र 20 गोरखपुर से अमरुतिया जा रहे थे कि श्यामदेउरवा चौराहे से आगे अनियंत्रित होकर बाइक से गिरकर घायल हो गए। वहीं अनितेश 17 निवासी पकड़ी दीक्षित गांव के चौराहे पर खड़ी ट्रॉली में बाइक से टकरा गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। बाइक चालक हेलमेट पहने थे।