आदिल नगर निवासी सुरेश गौतम भारत गैस के उपभोक्ता हैं। बुक कराने के पांच दिन बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। वह एजेंसी के भी कई चक्कर लगा चुके थे। मंसूर नगर निवासी विनोद जायसवाल भी सिलिंडर नहीं मिलने से परेशान थे। इन लोगों ने सोमवार सुबह एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम के सीयूजी नंबर पर फोन किया।
एडीएम ने व्हाट्सएप पर बुकिंग से जुड़ा विवरण मंगाया। इसके बाद संबंधित एजेंसी से समाधान कर सूचना देने के लिए कहा। शाम को एडीएम ने जब दोनों उपभोक्ताओं से फीडबैक लिया तो उन लोगों ने बताया कि उन्हें सिलिंडर मिल गया है।
उपभोक्ताओं की समस्या हल कराने के उद्देश्य से अमर उजाला में सोमवार के अंक में एडीएम (आपूर्ति) का सीयूजी नंबर प्रकाशित किया गया था। एडीएम ज्योति गौतम ने बताया कि सुबह से दोपहर तक करीब 50 उपभोक्ताओं के फोन उनके पास आ गए थे। सभी से उनका विवरण मंगाकर संबंधित एजेंसी व अधिकारी को भेज कर समस्या समाधान के निर्देश दिए गए। शाम तक सभी उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें सिलिंडर मिल गया है।
एडीएम ने दावा किया कि जिले में घरेलू सिलिंडर की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह नियमानुसार समय पर अपनी गैस बुक कराएं। उन्हें मिले मेसेज के मुताबिक अगर समय पर सिलिंडर नहीं मिलता है तो वह सीयूजी नंबर 9415005006 पर शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।