लखनऊ का एक परिवार जंग के बीच ईरान में फंस गया है। ऐसे में लखनऊ आए पिता की चिंता बढ़ने लगी है और उन्होंने सरकार से परिवार को सुरक्षित भारत लाने की गुहार लगाई है।
लखनऊ के चौक निवासी सैयद गुलाम एजाज जाफरी की पत्नी और तीन बच्चे ईरान में फंसे हुए हैं। जाफरी ने भारत सरकार से मांग की है कि उनके परिवार और वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत लाने की व्यवस्था की जाए।
विज्ञापन
जाफरी ने बताया कि उनके बच्चे ईरान में पढ़ाई करते हैं, जबकि वह स्वयं वहीं पढ़ाते हैं। 12 दिसंबर को वह दिल के इलाज के लिए लखनऊ आए थे और लौट न सके। इसी बीच युद्ध की स्थिति बन गई और वहां के स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे उनका परिवार ईरान में ही रह गया। फोन पर बातचीत हो जाती है।
परिवार के लोगों के मुताबिक, वहां के हालात तनावपूर्ण जरूर हैं, लेकिन लोगों का हौसला काफी मजबूत है। पूरी रात लोग सड़कों पर रहते हैं और अमेरिका व इस्राइल के खिलाफ नारे लगाते हुए देश की हिफाजत के लिए दुआ करते हैं।
परिजनों ने बताया कि जहां मिसाइल गिरने की सूचना मिलती है, उसी तरफ लोग नारे लगाते दौड़ पड़ते हैं और अपने हौसले व जिंदादिली का प्रदर्शन करते हैं। उनके हौसलों को देख परिवार के लोगों में भी खतरों के बीच रहने की हिम्मत जग गई है।