यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान अतरौली क्षेत्र के एक स्कूल में प्यार की पाठशाला भी चली।
यहां नकल में मदद करने वाले एक युवक से गाजियाबाद से परीक्षा देने आई एक युवती को प्यार हो गया।
परीक्षा समाप्त होने तक प्यार की पींगे इस कदर बढ़ीं कि दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
प्रेमी युगल के इस निर्णय का पहले तो परिजनों ने विरोध किया लेकिन उनकी जिद और स्कूल के कुछ शिक्षकों की सलाह पर परिजनों ने हामी भर दी और शुक्रवार रात कुछ संभ्रांत लोगों के बीच दोनों की शादी करवा दी गई।
गजियाबाद निवासी कविता मार्च के पहले सप्ताह में अतरौली क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर इंटरमीडिएट की परीक्षा देने आई थी।
यहां कविता जिस मकान में किराए पर रह रही थी उसके मकान मालिक के बेटे कमल (दोनों काल्पनिक नाम) की उसकी केंद्र पर ड्यूटी लगी थी, जहां कविता का सेंटर पड़ा था।
परीक्षा के पहले दिन ही कमल ने कविता की नकल में मदद की। इसके दोनों की मुलाकात हो गई, एक-दो परीक्षाएं पार होने के बाद ही दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं और धीरे-धीरे प्यार हो गया।
परीक्षा समाप्ति के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया तो कमल और कविता के परिजन विरोध पर उतर आए।
बाद में स्कूल के ही कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों के हस्तक्षेप के चलते एक ही बिरादरी के होने के कारण दोनों के परिवार वाले राजी हो गए।
शुक्रवार को गांव के कुछ लोगों के बीच दोनों की शादी करा दी गई। दोनों की शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।