फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षक भर्तीः ऑनलाइन रैंकिंग में खामियों की भरमार

Tue, 29 Jan 2013 09:28 AM IST
रवींद्र कुमार वर्मा/लखनऊ/वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
शिक्षक भर्ती के लिए रैंक लिस्ट तैयार करने वाला साफ्टवेयर भी कारगर नहीं रहा है। ऑनलाइन रैंक लिस्ट की खामियों के जरिए अभ्यर्थी अब इस पर सवाल उठा रहे हैं। साफ्टवेयर में एक ही अभ्यर्थी को एक ही जिले से कई आवेदन करने पर अलग-अलग रैंक मिली है।
विज्ञापन


अभ्यर्थी का अनुक्रमांक, नाम, पता, गुणांक सब कुछ समान होने के बाद भी साफ्टवेयर उसे चिह्नित नहीं कर सका है। बिना आवेदन के भी रजिस्ट्रेशन नंबर और रैंक जारी होने के मामले सामने आए हैं। अभ्यर्थी को एक ही जिले में अलग-अलग रैंक मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

साफ्टवेयर की खामियों का उदाहरण
गोंडा जिले के शिवाकांत पांडेय ने 29 जिलों में एक-एक आवेदन किया था। मिर्जापुर में दो आवेदन के हिसाब से अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर और रैंक आवंटित की गई है। किए गए आवेदन पर रजिस्ट्रेशन नंबर 4601291529 और रैंक 66698 दिख रहा है, जबकि बिना आवेदन के आवंटित रजिस्ट्रेशन नंबर 4601410918 व रैंक 104359 है। शिवाकांत की मुश्किल ये है कि यदि वे हमीरपुर में मौका पाते हैं तो फिर वहां वे क्या करेंगे?
विज्ञापन


इसी तरह जालौन जिले की रहने वाली सीमा तिवारी (टीईटी अनुक्रमांक 17014784) ने 146 आवेदन प्रदेश के 75 जिलों में किए हैं। कुछ जिलों में दो या दो से अधिक आवेदन पत्र भी जमा किए हैं। सभी आवेदनों में नाम, पिता का नाम, पता और टीईटी अनुक्रमांक एक है। उन्हें अलग-अलग 75 जिलों में 75 रैंक मिलनी चाहिए थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। सीमा की रैंक इन जिलों में 146 बार अलग-अलग दर्शाई गई है। उन्होंने अलीगढ़ से दो आवेदन पत्र जमा किए हैं। वहां उनकी सामान्य रैंक 11485 और 15429 दर्शाई गई है। बरेली से भी तीन आवेदन पत्र जमा किए हैं। वहां उनका सामान्य रैंक 29788, 41526 और 41525 दिख रहा है।

सीमा जैसी अभ्यर्थियों की संख्या हजारों में है। भर्ती प्रक्रिया के लिए तैयार साफ्टवेयर इन खामियों को पकड़ नहीं सका है। फतेहपुर के महेश कुमार ने 40 जगह आवेदन किया लेकिन हमीरपुर में उनके आवेदन के बारे में वेबसाइट पर कुछ पता ही नहीं चल रहा है।

चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में
साफ्टवेयर की इन खामियों से प्रदेश की बेसिक शिक्षा परिषद की चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए करीब ढाई लाख आवेदकों ने करीब 70 लाख आवेदन विभिन्न जिलों से किए हैं। ऐसी स्थिति में काउंसिंलिंग के समय दिक्कतें बढ़ जाएंगी।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री वसीम अहमद का कहना है कि साफ्टवेयर के जरिए भर्ती प्रक्रिया सुविधा और पारदर्शिता के लिए है। यदि इसमें कोई विसंगति आ रही है तो उसे दिखवाया जाएगा।   
विज्ञापन


ऑनलाइन रैंकिंग में कमियां
- कम गुणांक वालों की रैंक अधिक गुणांक वालों से ऊपर है।
- आवेदन निरस्त होने के कारणों पर भ्रम की स्थिति बनी है।
- जारी रैंक में एक ही अनुक्रमांक पर दो अभ्यर्थियों के नाम हैं।
- अधूरा अनुक्रमांक भरने पर भी जारी हो गई है रैंक।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें