ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के हाइवे स्थित चंदेरा मोड़ पर कंटेनर की टक्कर से घायल हुए युवक की झांसी ले जाते समय मौत हो गई। जिस पर परिजन उसके शव को जिला अस्पताल ले आए। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी मुन्नालाल साहू (55) पुत्र नाथूराम साहू सोमवार शाम को करीब साढ़े चार बजे ग्राम चंदेरा के पास हाइवे तिराहा पर स्कूटी से शहर में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान सागर से झांसी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद डाला। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख राहगीरों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन उसके शव को ललितपुर जिला अस्पताल ले आए। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।