ललितपुर। मंगलवार की शाम को शहर के नेहरु नगर इलाके में अपनी भांजी की शादी में शामिल होने आए युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से विवाह समारोह में भगदड़ मच गई। हमलावर युवक खून से सना चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया है। हालांकि मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है लेकिन पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक थाना पाली अंतर्गत ग्राम दूधई निवासी शैलेंद्र सिंह (22) अपनी भांजी की शादी में शामिल होने मंगलवार की शाम मोहल्ला नेहरू नगर आया था। यहां वह अपने दूसरे रिश्तेदारों के साथ बैठा था। यहां शादी में वह युवक भी आया था जिससे उसका विवाद चल रहा था। इस पर शैलेंद्र की चाची शिवानी राजा और बहन कशिश राजा को लगा कि कहीं दोनों के बीच झगड़ा न हो जाए लिहाजा वह शैलेंद्र को वहां से चले जाने के लिए कहने लगीं। शैलेंद्र ने अपने परिवार वालों की बात मान ली और वह शादी समारोह से वापस अपने घर जाने लगा। इसी दौरान कुछ रिश्तेदारों की नजर पड़ी तो वह उसे वापस बुला लाए। शैलेंद्र घर के बाहर कुर्सी डालकर बैठ गया। यहां पीछे से वह युवक आ गया जिससे उसका विवाद चला रहा था। पहले गालीगलौज की और फिर उसने शैलेंद्र के गले पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगते ही शैलेंद्र जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर खून से सना चाकू लेकर फरार हो गया। शादी समारोह में हुई इस वारदात से यहां अफरातफरी मच गई। परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक व अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। मृतक शैलेंद्र के परिवार वालों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई। देर रात तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।