संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल स्थित पैथोलॉजी में जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। अब स्क्रब टाइफस, हेपेटाइटिस समेत अन्य बीमारियों की जांचें शुरू कराई जा रही हैं। इससे रोगियों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना होगा। स्थानीय स्तर पर ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
अब तक जिला अस्पताल में सामान्य जांच ही हो पा रही थीं। मरीजों को जांच व रोग की पुष्टि के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज व महानगरों का रुख करना पड़ता था। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डी नाथ ने बताया कि अब पैथोलॉजी में स्क्रब टाइफस, हेपेटाइटिस व लेप्टो स्पायरोसिस की जांच की सुविधा बढ़ाई जा रही है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही जांचें शुरू हो जाएंगी।
-
यह होती बीमारियों में समस्या
स्क्रब टाइफस बीमारी पिस्सू से फैलती है। इसमें मरीज का खून संक्रमित हो जाता है। समय से ध्यान न दिया गया तो लीवर को खराब कर देता है। हेपेटाइटिस में प्लेटलेट्स कम हो जाती है। बदन दर्द होता है। वहीं लेप्टो स्पायरोसिस बीमारी में बुखार, उल्टी, दस्त, खांसी, जुकाम, पीलिया होने का खतरा रहता है। समय पर उपचार न मिला तो लीवर को प्रभावित कर देता है।