ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम चंदावली निवासी सुरेंद्र (23) पुत्र रगवर लोधी मंगलवार की शाम को खेत पर गया था, जहां बारिश होने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़ा गया। इसी दौरान वहां गाज गिरने से वह अचेत हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना बानपुर के ग्राम चंदावली निवासी सुरेंद्र लोधी मंगलवार की शाम को मर्रौली मौजा वाले नाले के पास खेत पर काम करने गया था। उसके साथ उसका छोटा भाई प्रवेश (21) एवं उसके साले के बेटे पुष्पेंद्र भी था। इसी दौरान अचानक से तेज बारिश होने लगी और वह तीनों बारिश से बचने के लिए पास में ही पेड़ के नीचे खड़े हो गए। जब कुछ बारिश कम हुई तो प्रवेश व पुष्पेंद्र कुछ दूर खड़ी बाइक उठाने के लिए जाने लगा, जबकि सुरेंद्र पेड़ के नीचे ही खड़ा रहा। प्रवेश व पुष्पेंद्र कुछ ही दूर पहुंचे थे कि अचानक से बादलों से तेज कड़कड़ाहट की आवाज आई और पेड़ पर गाज गिर गई जिससे सुरेंद्र मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा, जबकि वह दोनों भी बिजली की तेज आवाज की धमक एवं झटका लगने से बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जब प्रवेश व पुष्पेंद्र को होश आया तो उन्होंने पेड़ के नीचे बेसुध पड़े सुरेंद को देखा, लेकिन वह नहीं उठा, जिस पर उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को मोबाइल से सूचना दी, जबकि मौजा मर्रौली के लोग भी वहां पहुंच गए और उक्त सुरेंद्र को तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। चाचा कल्यान ने बताया कि सुरेंद्र अविवाहित था एवं वह दो भाइयों में बड़ा था।
एक माह पहले दोस्त की शादी में आया था, 25 को लौटना था
सुरेंद्र लोधी फरीदाबाद में एक फैक्ट्री में काम करता था और एक माह पहले ही दोस्त की शादी होने के चलते घर आया था। गर्मी अधिक होने और परिवार में समय देने के लिए वह एक महीने के लिए घर में रुक गया था और पिता की खेती में हाथ बटाने लगा। उसे 25 जून को ही वापस फरीदाबाद लौटना था, लेकिन तीन दिन पहले ही खेत यह हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।