- स्मार्ट मीटर में महीने में छह से सात हजार रुपये का बिल आने से आक्रोशित थीं महिलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने पहले नझाई बाजार स्थित बिजली घर और फिर घंटाघर में जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर का विरोध किया। महिलाओं का कहना है कि एक महीने का बिल छह से सात हजार तक आ रहा है।
शहर के मोहल्ला घुसयाना की लगभग 30 से अधिक महिलाएं स्मार्ट मीटर से बिजली का बिल हजारों रुपये अधिक आने से परेशान होकर बृहस्पतिवार को दोपहर में अचानक घंटाघर पहुंच गई और प्रदर्शन करते हुए स्मार्ट मीटर के विरोध में नारेबाजी करने लगी। महिलाओं ने यहां सड़क पर जाम तक लगा दिया और मांग करने लगी कि उनके स्मार्ट मीटर अधिक बिल दे रहे हैं, उनके स्मार्ट मीटर हटाओ। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को किसी प्रकार समझा बुझाया, जिस पर महिलाओं ने घंटाघर से जाम तो हटा दिया, लेकिन वह सभी एकत्रित होकर नझाई बाजार स्थित विद्युत सब स्टेशन पहुंच गई और वहां भी बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर का विरोध किया। सब स्टेशन पर मौजूद उपखंड अधिकारी संजय सागर को महिलाओं ने स्मार्ट मीटर में आ रहे अधिक बिल के बारे में बताया। महिलाओं ने एसडीओ से उनके स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आ रहा है, तो उनके स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर ही लगाने की मांग करने लगीं। हालांकि उपखंड अधिकारी ने किसी प्रकार महिलाओं ने समझाया बुझाया और उनकी शिकायत का निस्तारण का आश्वासन दिया, जिस पर महिलाएं किसी प्रकार मानी और उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया।
-
मोहल्ला घुसयाना की महिलाओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध था, जिस पर महिलाएं प्रदर्शन करने पहुंची थी, महिलाओं को स्मार्ट मीटर के संबंध में एसडीओ द्वारा जानकारी देकर समझाया गया।
-वीरभद्र सत्यार्थी, अधीक्षण अभियंता, विद्युत