ललितपुर। वार्ड नंबर एक सिद्धनपुरा में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। यहां बोरवेल से मोहल्ला नेहरू नगर के लिए रोज निजी टैंकर भरे जा रहे हैं, इससे बोरवेल का पानी पूरे वार्ड के लिए नहीं हो पा रहा है जबकि यहां के लोगों को हैंडपंपों से पानी भरना पड़ा है।
इन दिनों मोहल्ला नेहरू नगर में पेयजल की भीषण समस्या बनी हुई है। यहां के लोगों की प्यास बुझाने के लिए कई समाजसेवी आगे आए हैं और उन्होंने नेहरू नगर में टैंकर से जलापूर्ति शुरू की है। प्रतिदिन करीब बीस टैंकर नेहरू नगर पहुंच रहे हैं। इन सभी टैंकरों को वार्ड नंबर एक सिद्धनपुरा से भरा जा रहा है। इससे इस वार्ड में भी पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बोरवेल से निजी टैंकर नहीं भरे जाते थे, तब पानी समूचे वार्ड के लिए हो जाता था लेकिन अब कुछ गलियों को छोड़कर आगे नहीं पहुंच पाता है। इससे स्थानीय लोगों को पीने के पानी की समस्या हो गई है। कई लोग हैंडपंप पर निर्भर हो गए हैं। सुबह से लेकर शाम तक हैंडपंप चलते हैं, तब तक जाकर वार्ड के लोगों की प्यास बुझ पाती है। हैंडपंप पर बढ़ रहे दबाव के कारण उनमें खराबी आने लगी है। कई हैंडपंपों ने पानी देना कम कर दिया है तो कुछ रिबोर की स्थिति में आ गए हैं। मोहल्लों के लोगों ने इसकी शिकायत जल संस्थान के अधिकारियों से की है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
-----
वार्ड नंबर एक की पेयजल समस्या की वास्तविकता का पता लगाने के लिए अवर अभियंता को मौके पर भेजा जाएगा।
संजीव कुमार, सहायक अभियंता, जल संस्थान