डोंगराखुर्द/मड़ावरा। शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए हर-घर-जल योजना का शुभारंभ झांसी में मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने के बाद ललितपुर में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने ग्राम बहादुरपुर में भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने पर ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर होगी।
महारौनी विधानसभा क्षेत्र में सैदपुर-कुम्हैड़ी एवं नाराहट-गौना ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का शुभारंभ किया गया। दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र के गांवों में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि योजनाएं पूरी हो जाने के बाद ग्रामीणों को पर्याप्त पानी मिलेगा। जिले की 9,87,689 आबादी को लाभान्वित करने के लिए 1623,47 करोड़ रुपये की 16 सतही स्रोत व 12 भूगर्भ जलस्रोत आधारित परियोजनाएं तैयार की गई हैं। 197 ग्रामों की 3,42,309 आबादी को लाभान्वित करने के लिए 543,51 करोड़ रुपये की चार परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। जामनी बांध से 49 गांवों में पेयजल सप्लाई की जाती थी, जो वर्ष 2007 से बंद पड़ी है। गांव-गांव में आज भी पानी की टंकिया बनी हुई हैं और पाइप लाइन बिछी हुई है, जो जगह-जगह लीकेज हो गई है। विकासखंड मड़ावरा के ग्राम बहादुरपुर में शिलान्यास और भूमि पूजन के दौरान जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार, भाजपा नेता श्रीराम पटैरिया, विश्वनाथ अवस्थी, मंडल अध्यक्ष सूरज चौधरी, सोनू चौबे, कैलाश साहू, नारायण सिंह, भोलेराजा तोमर, दीपक दुबे बहादुरपुर, जगदीश सिंह बुंदेला, आलोक दुबे, ढल्लन महाराज, धर्मेंद्र सिंह, मनोज कुशवाहा, भरत राजपूत, कपिल पटैरिया मौजूद रहे।