तालबेहट। पूरी गर्मी बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाने वाला जल संस्थान सर्दी के मौसम में भी जनता को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। दो दिन से गहराए पेयजल संकट के बाद नगर के अंजनी नगर में वॉल्व खराब होने से शुक्रवार को एक बूंद पानी भी नहीं मिल सका।
नवरात्र शुरू होते ही नगर में विद्युत और पानी का संकट गहराने लगा है। जिसके चलते जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदेश में कोयले की कमी के चलते विद्युत उत्पादन बंद है। जिसका प्रभाव नगर की जलापूर्ति पर पड़ रहा है। वहीं पूरी गर्मी कभी मोटर जलने, कभी विद्युत न मिलने और पाइपलाइन फटने का राग अलापने वाला जल संस्थान नवरात्र के मौसम में जनता को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। नगर में दो दिन से पानी की आपूर्ति बुरी तरह से बाधित है। जनता बूंद -बूंद पानी के लिए परेशान है।
शुक्रवार को अंजनी नगर का वॉल्व खराब होने से वहां एक बूंद पानी नहीं पहुंच सका। जिससे जनता को हैंडपंपों और कुओं के पानी पर आश्रित रहना पड़ा। वहीं, जल संस्थान के अवर अभियंता अभिलाष कुमार ने बताया कि वॉल्व को सही कराया जा रहा है। शीघ्र ही वहां की जल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।