संवाद न्यूज एजेंसी
गदयाना/ललितपुर। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम गदयाना स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नालियों का दूषित पानी जमा हो रहा है। यहां पर सड़क से पानी की ढलान अस्पताल की ओर होने से अंदर पानी आ रहा है। निकासी की व्यवस्था न होने से समूचे परिसर में पानी जमा बना हुआ है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
ग्राम पंचायत में सड़क का निर्माण किया, लेकिन इसकी ढलान अस्पताल की ओर कर दी है। ऐसे में हल्की बारिश में भी अस्पताल में पानी भर जाता है। बीते दिनों हुई बारिश से अस्पताल परिसर व कक्षों तक में पानी जमा हो गया। अस्पताल को खोलने पर पानी-पानी ही नजर आया। पानी के साथ मिट्टी व गंदगी भी भर गई। इससे सामग्री भी भीग गई है। यही नहीं दवाइयां तक पानी में तैर रही हैं। वर्तमान में जमा दूषित पानी व गंदगी से छोटे बच्चों व प्रसूताओं का संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी स्थाई व्यवस्था नहीं हो सकी है।
एएनएम सीमा मोर्या ने समस्या के संबंध में ग्राम प्रधान से वार्ता कर सड़क की ढलान अन्य दिशा में करवाने व अस्पताल से पानी की निकासी व्यवस्था कराने की बात कही गई है। लेकिन, अब तक नहीं की गई है।