तालबेहट। सोमवार को नव आगंतुक प्रभारी निरीक्षक बीएल यादव उस समय भौचक्के हो गए जब ग्राम सभा खांदी के विलेज पोस्ट मास्टर (वीपीएम) ने लूट की सूचना दी। मौके पर गई पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की तो पूरा मामला उल्टा निकला। इस पर पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देने वाले विलेज पोस्ट मास्टर का शांति भंग में चालान कर दिया।
मप्र के निवाड़ी निवासी मनीष कुमार ग्राम सभा खांदी में विलेज पोस्ट मास्टर पद पर तैनात हैं। सोमवार की दोपहर उन्होंने 112 डायल पर सूचना दी कि उनके डाकखाने में लाखों रुपये की लूट हो गई है। तीन बदमाश रकम लूट ले गए हैं। लूट की सूचना से नवागंतुक प्रभारी निरीक्षक सन्न हो गए। तत्काल मौके पर पुलिस भेजी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पूरे मामले की गहराई से जांच की तो झूठा निकला। मामला विलेज पोस्ट मास्टर द्वारा एक उपभोक्ता के साथ लाखों रुपये की ठगी का निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी विलेज पोस्ट मास्टर ने युवक को झांसा देकर उसके एक लाख नब्बे हजार रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित अपने रुपये मांगने वहां गया तो विलेज पोस्ट मास्टर से उसे धमकाने के लिए 112 डायल कर दिया लेकिन पुलिस के आगे हकीकत सामने आ गई। इस पर पुलिस ने आरोपी विलेज पोस्ट मास्टर को गिरफ्तार कर लिया और शांति भंग में चालान कर दिया।
और भी कई मामले ठगी के हो सकते हैं उजागर
डाकखाने से संबंध रखने वाले उपभोक्ताओं ने बताया कि युवक सहित पिछले दो तीन वर्षों से तालबेहट क्षेत्र में तैनात अधिकारियों की जांच हो जाए तो ठगी के कई मामले उजागर हो सकते हैं जिन मामलों में शिकायतें हुई उन्हें या निचले स्तर पर रफादफा कर दिया गया या ऊपर वाले की मेहरबानी से मामले ठंडे बस्ते में डाल दिए गए।
आरोपी को शांति भंग में उप जिला मजिस्ट्रेट तालबेहट के यहां भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बीएल यादव, प्रभारी निरीक्षक तालबेहट।