डीलरों ने कहा, जीएसटी कम होने से ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए सकारात्मक संकेत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नवरात्र में तो वैसे ही वाहनों को खरीदने की परंपरा रही है, लेकिन जीएसटी कम होने के कारण बाजार में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मोटर साइकिल व ट्रैक्टर की बिक्री भी काफी अधिक हुई है। जिले में 22 सितंबर के बाद करीब 1150 दो पहिया वाहन, 95 ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की 20 करोड़ से अधिक की बिक्री हुई है। वहीं, पिछले वर्ष नवरात्र पर करीब 800 वाहनों की बिक्री हुई थी।
इस साल शारदीय नवरात्र पर वाहन बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। डीलरों और ऑटोमोबाइल कंपनियों के मुताबिक, इस बार नवरात्र पर वाहनों की बिक्री में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। त्योहार पर लोगों ने नए वाहन खरीदने को शुभ माना और शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। वाहन विक्रेताओं का कहना है कि इस साल की बिक्री पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक उत्साहजनक रही है। खासकर दोपहिया और ट्रैक्टर की बिक्री में जोरदार उछाल आया है। इसके पीछे त्योहारी ऑफर्स, आसान फाइनेंस विकल्प और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती क्रयशक्ति को मुख्य कारण माना जा रहा है। वाहनों की बिक्री में इजाफा ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए यह एक सकारात्मक संकेत है और दीपावली में इसके और बेहतर होने की उम्मीद है।
इन वाहनों की हुई बिक्री
वाहन-संख्या
होंडा-250
हीरो-500
बजाज-200
टीबीएस-200
ट्रैक्टर-95
डीलर बोले, उम्मीद से ज्यादा हुई बिक्री
स्थानीय वाहन डीलर अंशुल भदौरा ने बताया, इस बार नवदुर्गा पर हमने उम्मीद से कहीं अधिक बिक्री की है। ग्राहक बुकिंग के लिए पहले से तैयार थे और कई मॉडल्स की तो वेटिंग भी चल रही है।
ऑफर्स और छूट ने बढ़ाया आकर्षण
त्योहार को ध्यान में रखते हुए कंपनियों ने आकर्षक छूट, एक्सचेंज बोनस और जीरो डाउन पेमेंट जैसे कई ऑफर्स दिए। इससे ग्राहकों को बड़ा फायदा मिला। विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।