बानपुर/ललितपुर। कस्बे में अघोषित विद्युत कटौती लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। कस्बे में विद्युत उपकेंद्र बनने के बाद भी कस्बेवासी बिजली का सुख नहीं भोग पा रहे हैं। आलम यह है कि बिजली कभी भी गुल हो जाती है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
गर्मी और उमस में विद्युत की सबसे ज्यादा आवश्यकता अभी है। फिर भी दिन और रात में कभी भी मनमाने तरीके से विद्युत कटौती की जा रही है, खासतौर पर सायंकाल में विद्युत कटौती व लो वोल्टेज की समस्या बहुत कष्टदायी है और इसके बाद सायंकाल की कटौती रात 9-10 बजे तक सुचारु की जाती है व रात में भी कई किश्तों में कटौती की जाती है। कभी लाइन ट्रिप, कभी फॉल्ट व अन्य प्रकार के कारणों का हवाला देकर मनमाने तरीकों से कटौती की जाती है। अभी कोरोना काल चल रहा है व संक्रमण दिन-प्रतिदिन अपने पैर पसार रहा है, ऊपर से विद्युत कटौती से लोग कई प्रकार की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इस दौरान कस्बेवासियों को मच्छरों का प्रकोप भी झेलना पड़ता है। जिससे मलेरिया की संभावनाएं बढ़ रहीं हैं। रात में कस्बे के सैकड़ों लोग अपने बच्चों को देर रात तक छतों पर टहलाते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। पिछली बार अघोषित कटौती की वजह से रात में अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने एक के बाद एक कई चोरियों को अंजाम दिया था। जिसमें गांव के कई संभ्रांत नागरिकों के घर चोरी हुईं थी, जिसका पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। सभी कस्बावासियों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत व्यवस्था सुचारु की जाए ।