ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला रैदासपुरा से गायब दो भाइयों का कोतवाली पुलिस ने सात वर्ष बाद पता लगाकर एक भाई को घर पहुंचा दिया है, जबकि दूसरे भाई से बात करने पर उसने जल्द घर लौटने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रैदासपुरा निवासी उमेश कुमार के दो बेटे सुजल (14) और लिटिल (15) सात वर्ष पहले किसी बात से झुब्ध होकर घर से अचानक से लापता हो गए थे। उसके परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली, लेकिन पुलिस भी दोनों का पता नहीं लगा सकी। इसके बाद जब दोनों का पता नहीं लग सका तो पुलिस ने भी अपनी खोजबीन बंद कर दी लेकिन बीते कुछ दिन पहले कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के पास सूचना आई कि ललितपुर में सात वर्ष पहले गायब हुए मोहल्ला रैदासपुरा निवासी सुजल पुत्र उमेश के भदोही रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना दी जिस पर कोतवाली पुलिस भदोही पहुंची, जहां पता लगाकर जिला भदोही के थाना दुर्गागंज के ग्राम हरदुआ से सुजल को बरामद कर लिया। बताया गया कि सुजल भदोही रेलवे स्टेशन पर समोसा बेचने का काम करने लगा था और वहां के एक प्रधान उससे मिला और बातचीत की तो पता चला कि वह सात साल पहले घर से भाग आया था। इस पर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल भदोही पहुंच गई। बताया गया कि सुजल का दूसरा भाई लिटिल राजकोट में काम कर रहा है जिसका भी कोतवाली पुलिस ने पता लगा लिया और उसके पिता की उससे फोन पर वार्ता भी कराई। उसके बेटे लिटिल ने एक सप्ताह में घर लौटने की बात कही है।